खूंटी, 29 मार्च (हि.स.)। खूंटी जिला क्रिकेट एसोसिएशन की बैठक रविवार को एसोसिएशन के खूंटी स्थित कार्यालय में कार्यकारी अध्यक्ष कृष्ण मोहन कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा देने, मैचों के आयोजन, टर्फ विकेट निर्माण, खूंटी प्रीमियर लीग के आयोजन तथा अनुशासन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन में अनुशासन तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह खिलाड़ी हो या पदाधिकारी। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्रिकेट के बेहतर संचालन के लिए अनुशासन बनाए रखना जरूरी है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस सत्र के बचे हुए लीग मैचों की शुरुआत 31 मार्च से की जाएगी। पहला मुकाबला 31 मार्च को सुबह 8:30 बजे सीएफसी खूंटी और गुरुकुल के बीच खेला जाएगा।
इसके अलावा तोरपा में महिला प्रदर्शनी मैच आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि जिले में महिला क्रिकेट को भी बढ़ावा मिल सके।
एसोसिएशन के सचिव अवधेश कश्यप ने कहा कि जिले में क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। यहां क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। एसोसिएशन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए उचित मंच प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
बैठक में सह सचिव देवा हस्सा, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, अजीत जायसवाल, मनोज जैन, विकास मिश्रा, सुधांशु चौधरी, सोनू महतो, रोहित केरकेट्टा, अरुण मिश्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
