दक्षिण दिनाजपुर ,14 मार्च (हि.स.)। जिले के गंगारामपुर रेलवे स्टेशन को केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने की मंजूरी मिल गई है। इस योजना के तहत पूरे स्टेशन परिसर को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा।विधायक सत्येंद्र नाथ रॉय ने बताया कि गंगारामपुर स्टेशन को इस परियोजना में शामिल करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस संबंध में उन्होंने और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कई बार रेल मंत्रालय से संपर्क किया था।

अब रेल मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। विधायक के अनुसार, डीआरएम से बातचीत हो चुकी है और जल्द ही आधुनिकीकरण का काम शुरू होगा।
उल्लेखनीय है कि गंगारामपुर स्टेशन दक्षिण दिनाजपुर के सबसे अधिक आय देने वाले स्टेशनों में से एक माना जाता है। स्टेशन के आधुनिकीकरण की मांग को लेकर लंबे समय से गंगारामपुर रेल उन्नयन समिति आंदोलन कर रही थी। समिति के सचिव अजय दास ने कहा कि यह उनके लंबे संघर्ष का परिणाम है और उम्मीद है कि जल्द ही स्टेशन की सूरत पूरी तरह बदल जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
