कोलकाता, 24 फ़रवरी (हि.स.)। मंगलवार तड़के से ही कोलकाता, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, मेदिनीपुर, हुगली सहित दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में बिजली-गरज के साथ बारिश शुरू हो गई।

मंगलवार भोर करीब साढ़े चार बजे बारिश शुरू हुई। कोलकाता के विभिन्न हिस्सों में मध्यम बारिश हुई, हालांकि यह ज्यादा देर तक नहीं चली। शुरुआत में मध्यम तीव्रता की बारिश हुई, लेकिन समय के साथ यह हल्की पड़ते हुए थम गई। बारिश के दौरान तेज गर्जना और झोंकेदार हवाएं चलती रहीं। महानगर के साथ-साथ दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में बिखरी हुई बारिश हुई। बारिश थमने के बाद भी तेज हवा का असर बना रहा।

बारिश और झोंकेदार हवाओं के कारण हुगली सहित कई जिलों में आम के मोजर (मुकुल) झड़ गए। उत्तर 24 परगना के संदेशखाली-(एक) ब्लॉक के बेड़मजुर-(एक) ग्राम पंचायत क्षेत्र में कलागाछी नदी के बांध में धंसान (धस) हो गया, जिससे लगभग 50 फुट हिस्सा ध्वस्त हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से राज्य में बारिश हो रही है। विभाग का कहना है कि इस सप्ताह कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल में बिखरी हुई आंधी-बारिश की संभावना बनी रहेगी। दक्षिण के कम से कम नौ जिलों में बारिश हो सकती है।
सोमवार और मंगलवार के लिए दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम के लिए अलग से पीली चेतावनी (येलो अलर्ट) जारी की गई है। केवल दक्षिण बंगाल ही नहीं, बल्कि उत्तर बंगाल में भी आंधी-बारिश की संभावना है। जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
