हुगली, 09 फ़रवरी (हि. स.)। जिले में सोमवार सुबह बिष्णुपुर अदालत के एक न्यायिक मजिस्ट्रेट की गाड़ी की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान शेख सिराजुल बक्स (42) के रूप में हुई है। वह पेशे से फल विक्रेता था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हादसा 26 नंबर राष्ट्रीय सड़क पर बड़ेपोल इलाके में हुआ। सोमवार सुबह शेख सिराजुल बक्स बाइक से चांपाडांगा से पियासाड़ा की ओर जा रहा था। उसी समय कोलकाता की ओर से आरामबाग जा रही एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। कार में बिष्णुपुर अदालत के न्यायिक मजिस्ट्रेट सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे तारकेश्वर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को भी थाने ले जाया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीरामपुर वाल्स अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
