

धमतरी, 08 फ़रवरी (हि.स.)। गौ सेवा संगम एवं गौ विज्ञान परीक्षा का रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सर्वोदय इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, हटकेश्वर वार्ड धमतरी में हुआ। परीक्षा के लिए कुल 192 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 150 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को गो किट प्रदान की गई।

इस परीक्षा में नगरी, कुरुद, मगरलोड और धमतरी विकासखंडों से विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा का आयोजन ए, बी एवं सी तीन स्तरों में किया गया। कार्यक्रम के दौरान गो यज्ञ, आहूति तथा सुरभि मंत्र का सामूहिक जाप भी संपन्न हुआ। साथ ही गौ पालन के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चन्द्रहास चन्द्राकर, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड ने अपने संबोधन में कहा कि गाय के प्रति जिन किसानों की भावनात्मक आस्था होती है और जो उसी भाव से खेती करते हैं, वे उन्नत किसान के रूप में पहचाने जाते हैं। वर्तमान समय में गाय का संवर्धन अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य वक्ता अभय कुम्भकार, प्रांत प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ छत्तीसगढ़ प्रांत ने कहा कि गाय हमारी संस्कृति की आत्मा है। उसका संरक्षण और संवर्धन हम सभी का कर्तव्य है। गाय हमारी माता है और पंचगव्य अमृत के समान है, इसलिए गौ संरक्षण अनिवार्य है। जिला नोडल अधिकारी शेष नारायण गजेंद्र ने बताया कि गौ माता के संरक्षण, संवर्धन तथा बच्चों को प्रकृति और कृषि में गाय की अहम भूमिका से परिचित कराने के उद्देश्य से यह परीक्षा आयोजित की गई। कार्यक्रम में श्याम अग्रवाल, नोडल अधिकारी धमतरी, शोभा दवे, तिहार राम सिन्हा, हेमराज सोनी गौ गौ सेवा आयोग अध्यक्ष, विनोद पांडेय छत्तीसगढ़ राज्य गौ संरक्षण एवं संवर्धन समिति जिला प्रमुख तथा धजेंद्र पटेल केंद्रीय परीक्षा प्रमुख सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
