समय से पहले जन्मा हुआ था बच्चा

गुरुग्राम, 13 मार्च (हि.स.)। यहां सेक्टर-53 पुुलिस थाना क्षेत्र में झाडिय़ों में एक नवजात शिशु मिला। समय से पहले उसका जन्म हुआ था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया, फिलहाल वह खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर 53 थाना पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली कि झाडिय़ों में एक नवजात शिशु पड़ा हुआ है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को उठाकर मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। अस्पताल में नवजात शिशु को एनआईसीयू वार्ड में भर्ती कर विशेष निगरानी में इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चा समय से पहले जन्मा था और उसका वजन सामान्य से काफी कम था। उसमें संक्रमण और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा भी बना हुआ था। डॉक्टरों की कड़ी मेहनत के बाद नवजात शिशु की सेहत में सुधार हो रहा है। जब बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हो जाएगा और उसका वजन सुरक्षित स्तर तक पहुंच जाएगा, तब उसे बाल कल्याण समिति को सौंप दिया जाएगा। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को पकडऩे के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
