-गाड़ी चालकों से मिलीभगत करके दिया वारदात को अंजाम

-पुलिस ने एक आरोपी को किया काबू, आरोपी से 20 हजार रुपये बरामद

गुरुग्राम, 10 फरवरी (हि.स.)। फ्लिपकार्ट कंपनी की गाड़ी से सामान चोरी करके बेचने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह गाड़ी चालकों के साथ मिलीभगत करके चोरी की वारदात को अंजाम देता था। उसने चोरी किया सामान ढाई लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार काे बताया कि आरोपी के पास से 20 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।जानकारी के अनुसाार 12 दिसंबर 2025 को एक कंपनी के प्रतिनिधि ने पुलिस थाना बिलासपुर की पुलिस टीम को एक शिकायत दी थी। शिकायत में कहा कि उनकी श्री रामा लॉजिस्टिक्स एक ट्रांसपोर्ट कंपनी है। कंपनी की गाड़ी कॉन्ट्रेक्ट पर फ्लिपकार्ट कंपनी में सामान लाने व ले जाने के लिए लगा रखी है। फ्लिपकार्ट कम्पनी से पता चला कि 28/29 अगस्त 2025 को दो गाडिय़ों में लाखों रुपये का सामान डिलीवर करने के लिए फ्लिपकार्ट कम्पनी हब बिनोला जिला गुरुग्राम से लोड हुआ था। इन गाडि़ंयों के चालक शाकिर व आरिफ द्वारा गाडिय़ों से सामान चोरी कर लिया और फरार हो गए। इस शिकायत पर पुलिस थाना बिलासपुर में केस दर्ज किया गया। अपराध शाखा सेक्टर-40 गुरुग्राम की पुलिस टीम ने चोरी करने की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को नौ फरवरी को राजीव चौक गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमजद (उम्र-35 वर्ष) निवासी जिला नूंह के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश करके एक दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान आरोपी से पुलिस पूछताछ में पता चला है कि उसने गाड़ी चालक शाकिर, आरिफ व आरोपी आशिफ के साथ मिलकर गाडिय़ों से सामान चोरी किया। आरोपी अमजद के हिस्से में आए मोबाइल फोन्स को उसने नूंह में एक व्यक्ति को ढाई लाख रुपये में बेच दिए। पुलिस द्वारा अब तक आरोपी शाकिर, आरिफ, आशिफ व अमजद सहित चार आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के कब्जा से अब तक पांच मोबाइल फोस व 20 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
