फतेहाबाद, 08 अप्रैल (हि.स.)। फतेहाबाद के गांव मोहम्मदपुर रोही में गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा भंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक शराब की बोतल लेकर नंगे सिर गुरुद्वारा में घुस गया और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप को उठाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और आरोपित को हिरासत में ले लिया। आरोपित को बुधवार को अदालत में पेश कर हिसार जेल भेजा गया है। थाना सदर फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि पुलिस ने रणजीत सिंह पुत्र बलवंत सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया था। घटना 7 अप्रैल की शाम करीब 7:50 बजे की है। गुरुद्वारा साहिब के प्रधान रणजीत सिंह द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, गांव का ही रहने वाला गुरप्रीत सिंह हाथ में शराब की बोतल लेकर और नंगे सिर गुरुद्वारा साहिब के भीतर दाखिल हो गया। आरोपी ने न केवल पवित्र परिसर की मर्यादा का उल्लंघन किया, बल्कि वहां सुशोभित श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप को उठाकर ले जाने का प्रयास भी किया। इस संवेदनशील स्थिति में पुलिस के पहुंचने का इंतजार करने के बजाय, मौके पर मौजूद संगत ने तुरंत मोर्चा संभाला। वहां मौजूद गांव के ही अवराज कौर और कृष्ण सिंह ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को बेअदबी करते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। शोर सुनकर पास ही मौजूद सुनील और सम्पत सिंह भी तुरंत मदद के लिए पहुंचे और आरोपित को काबू में कर लिया। श्रद्धालुओं की इस सतर्कता के कारण ही गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा को और अधिक क्षति पहुंचने से बचा लिया गया। घटना के बाद लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद थाना सदर फतेहाबाद की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी गुरप्रीत सिंह को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
