जोधपुर, 19 मार्च (हि.स.)। गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र जोधपुर के अभ्यर्थियों की नामांकन प्रक्रिया 20 मार्च से 24 मार्च तक प्रथम बटालियन आरएसी परेड ग्राउंड, मण्डोर रोड पर आयोजित की जाएगी।

गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र जोधपुर के कमांडेंट अनवर एच. खान ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया का आयोजन निदेशालय, गृह रक्षा राजस्थान, जयपुर द्वारा गठित चयन समिति (बोर्ड) के सदस्यों की उपस्थिति में किया जाएगा। इस समिति में केन्द्र/गण के समादेष्टा, गृह रक्षा महानिदेशक के प्रतिनिधि तथा जिला पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाली इस नामांकन प्रक्रिया में केन्द्र के 214 पदों के विरुद्ध कुल 18,131 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
कमांडेंट ने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी को मोबाइल पर एसएमएस एवं ई-मेल के माध्यम से सूचना प्रेषित की गई है। इसके पश्चात अभ्यर्थी दिए गए लिंक अथवा विभागीय वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में वर्णित महत्वपूर्ण निर्देशों की पूर्ण पालना करना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को निर्धारित दिनांक, समय एवं स्थान पर आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। इनमें जिले का मूल निवास प्रमाण-पत्र, आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चिकित्सा प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र तथा पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। नामांकन स्थल पर प्रवेश करने के पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को ग्राउंड से बाहर जाकर कोई दस्तावेज लाने की अनुमति नहीं होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
