अररिया,14 मार्च(हि.स.)। घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर जिले में ऊहापोह को लेकर बनी स्थिति को दूर करने और गैस वितरण को सुचारू ढंग से क्रियान्वित करने के उद्देश्य से शनिवार को सदर अनुमंडल कार्यालय में प्रभारी एसडीओ सह कार्यपालक दंडाधिकारी चंदा कुमारी की अध्यक्षता में गैस एजेंसी संचालकों और जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की गई।जिसमें गैस की कालाबाजारी पर रोकथाम और गैस सिलेंडर व्यवस्था को दुरुस्त करने की सख्त हिदायत एजेंसी मालिकों को दी गई।

जिले में गैस सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण को लेकर जानकारी ली गई और आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर को लेकर किसी भी तरह की परेशानी न हो,इसकी सख्त हिदायत दी गई।मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी धनेश्वर कुमार के साथ जिले के सभी गैस एजेंसी के संचालक, मालिक एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मौजूद थे।
मौके पर प्रभारी एसडीओ चंदा कुमारी ने बताया कि जिले में सभी जगह पर्याप्त संख्या में गैस सिलेंडर उपलब्ध है। लाभुकों का नंबर 21 दिन के पश्चात नंबर लगाने पर घर पर होम डिलीवरी की जा रही है।गैस सिलेंडर को लेकर पैनिक होने की जरूरत नहीं है।सरकारी आदेशों का अवहेलना और होम डिलीवरी सुनिश्चित नहीं करने वाले एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर
