बलिया, 13 मार्च (हि.स.)। बलिया में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। लेकिन इसकी किल्लत को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर बलिया का जिला प्रशासन सख्त है। डीएम और एसपी ने शुक्रवार को गैस व पेट्रोल पम्प संचालकों के साथ बैठक की।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह व पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने विकास भवन सभागार में गैस एजेंसी मालिकों और डिस्ट्रिब्यूटरों के साथ बैठक में जनपद के प्रमुख गैस एजेंसी मालिकों और डिस्ट्रिब्यूटरों से वार्ता कर कालाबाजारी रोकने एवं बिना बुकिंग हॉकरों को गैस सिलेंडर न देने तथा अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्यवाही होने के निर्देश दिए।
बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों को नो हेलमेट, नो पेट्रोल तथा पुलिस को बिना हेलमेट चालकों का चालान करने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। पुराने या गलत वीडियो शेयर करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज व एडिशनल एसपी दिनेश शुक्ल भी थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी
