आरोपित टेक्नीशियन ने बिजली कनेक्शन के आवेदन की फाइल को जल्द ही आगे बढ़ाने के लिए ली थी रिश्वत

मुरादाबाद, 29 जनवरी (हि. स.)। भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल की ट्रैप टीम ने गुरुवार को जनपद रामपुर की बिलासपुर तहसील के थाना बिलासपुर स्थित गोविंदपुरा बिजलीघर के टेक्नीशियन को 11000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि पकड़े गए आरोपित टेक्नीशियन ने बिजली कनेक्शन के आवेदन की फाइल को जल्द ही आगे बढ़ाने व शीघ्र ही कनेक्शन करवाने की एवज में रिश्वत ली थी। पकड़े गए आरोपित टेक्नीशियन के विरुद्ध थाना बिलासपुर में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई चल रही है।

जनपद रामपुर के थाना व तहसील बिलासपुर के गांव सिकरोरा निवासी सुखविंदर सिंह पुत्र गजेंद्र सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाते हुए कहा था कि बिलासपुर के गोविंदपुरा बिजली घर में कार्यरत टेक्नीशियन नई दिल्ली के थाना स्वरूप नगर के मोहल्ला स्वरूप नगर निवासी नितेश सिंह पुत्र रमाशंकर सिंह उसके भतीजे के घरेलू बिजली कनेक्शन के आवेदन की फाइल को जल्दी आगे बढाने व शीघ्र विद्युत कनेक्शन करवाने की एवज में 11000 रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा है।
इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप टीम प्रभारी इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में अपना जाल बिछाया। ट्रैप टीम ने शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह को गुरुवार को थाना बिलासपुर क्षेत्र स्थित लक्ष्मण मोड़ के पास श्री लक्ष्मण मिठाई की दुकान के पास बुलाया और उसे रंग लगे 11000 रुपए के नोट थमा दिए। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपित टेक्नीशियन नितेश सिंह को फोन करके लक्ष्मण मिठाई की दुकान के अंदर बुलाया। शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह ने नितेश सिंह को एंटी करप्शन टीम द्वारा दिए गए ₹11000 दे दिए। जैसे ही आरोपित टेक्नीशियन ने रिश्वत के ₹11000 अपनी जेब में रखे वैसे ही एंटी करप्शन टीम ने इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
