-कुरुक्षेत्र में 41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी का समापन

चंडीगढ़, 08 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गौ संवर्धन अधिनियम-2015 के तहत गौ हत्या करने वाले व्यक्ति को 10 वर्ष तक कारावास व एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया है। महिला सशक्तिकरण के लिए महिला किसान डेयरी योजना के तहत महिलाओं को एक लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज उपलब्ध करवा रहे हैं। इसके तहत अब तक 287 महिला किसान डेयरी खोली जा चुकी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित 41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी समारोह के तीसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का निरीक्षण कर पशुओं की विभिन्न नस्लों को देखा और पशुपालकों से बातचीत की। मेले में बनाए कैटवॉक पर अच्छी नस्ल के पशुओं का प्रदर्शन देखा। इस दौरान ऊंट ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का माला पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न कैटेगरी में अव्वल आने वाले पशुपालकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन, जल और वायु को प्रदूषित होने की सभी समस्याओं का हल प्राकृतिक खेती है। वर्ष 2025-26 के दौरान 1 लाख एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की 53 एकड़ 4 कनाल भूमि पर प्राकृतिक खेती करने का निर्णय लिया है। यह जमीन जिला कैथल के गांव अण्टेहडी में है। इसे पायलट परियोजना के रूप में लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 2.20 लाख पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड बैंकों द्वारा स्वीकृत किए गए हैं। बैंकों द्वारा राज्य के पशुपालकों को 3 हजार 449 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। प्रदेश में अब तक 14,168 डेयरियां स्थापित हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस स्कीम के तहत 10 दुधारू पशुओं तक की मिनी डेयरी खोलने के लिए पशु की लागत पर 25 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि विश्व के अंदर कुरुक्षेत्र का बहुत बड़ा नाम है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सरकार ने भावांतर भरपाई योजना, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, फसल बेचने के 48 घंटे के अंदर किसानों के खाते में सीधे पेमेंट दी जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
