भाेपाल, 06 फ़रवरी (हि.स.)। गौमाता की हत्या और प्रदेश में लगातार सामने आ रही गौमांस तस्करी की घटनाओं को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अमित शर्मा के नेतृत्व में सीहाेर में कुबेरेश्वर धाम पहुंचकर सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने इस गंभीर विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए गौमाता की रक्षा के लिए समाजिक और प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान भोपाल महापौर, एमआईसी सदस्य तथा स्लॉटर संचालन की अनुमति देने वाले तत्कालीन अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग रखी। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यदि समय रहते जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो ऐसी घटनाएं भविष्य में भी दोहराई जा सकती हैं।

“गौमाता की रक्षा, समाज की सामूहिक जिम्मेदारी”
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पंडित प्रदीप मिश्रा से गौमाता संरक्षण अभियान में समर्थन और मार्गदर्शन का आग्रह किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस विषय पर समाज में व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है, ताकि गौहत्या और तस्करी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। पंडित प्रदीप मिश्रा ने गौमाता की रक्षा के संकल्प का समर्थन करते हुए प्रतिनिधिमंडल को आशीर्वाद प्रदान किया और समाज से इस दिशा में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सीहोर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती विशेष रूप से मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि गौमाता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
