
गुवाहाटी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (एनएएसी) द्वारा ए+ मान्यता प्राप्त गौहाटी विश्वविद्यालय में युवा शक्ति के उत्साह, सृजनशीलता के रंग और खेल भावना के सुरों के साथ सोमवार से विश्वविद्यालय सप्ताह का शुभारंभ हुआ। सृजनात्मकता, खेल प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता के सुंदर समन्वय के बीच यह आयोजन आरंभ हुआ।

उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय का ध्वज फहराते हुए कुलसचिव प्रोफेसर उत्पल शर्मा ने कहा, “विश्वविद्यालय सप्ताह केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह युवा शक्ति के आत्मप्रकाश का एक गौरवपूर्ण मंच है, जहां सृजनशीलता, खेल भावना और सांस्कृतिक एकता के समन्वय से विद्यार्थियों की सुप्त प्रतिभाओं को विकसित होने का अवसर मिलता है। विश्वविद्यालय सप्ताह एकता, अनुशासन और परिश्रम के मूल्यों को जागृत कर भावी पीढ़ी को जिम्मेदार और सृजनात्मक नागरिक के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित करता है।”

उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय सप्ताह के रोमांचक आठ दिनों के दौरान खेल, साहित्य, संगीत, नृत्य, ललित कला तथा अन्य विभागों के अंतर्गत क्विज, वाद-विवाद, एकांकी नाटक, कबड्डी, एकल अभिनय सहित सौ से अधिक प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के सचिव डॉ. हेमंत कुमार नाथ, सूचना एवं प्रौद्योगिकी संकाय के डीन प्रोफेसर शिखर कुमार शर्मा, छात्र कल्याण निदेशक डॉ. रंजन कुमार काकती, प्रोफेसर रातुल महंत, कुलपति के सचिव एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मृणाल ज्योति डेका, अन्य प्राध्यापकगण, स्नातकोत्तर छात्र संघ के अध्यक्ष गुंजन डेका, महासचिव प्रबल ज्योति शर्मा सहित अनेक अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय सप्ताह के रोमांचक आठ दिनों के दौरान खेल, साहित्य, संगीत, नृत्य, ललित कला तथा अन्य विभागों के अंतर्गत क्विज, वाद-विवाद, एकांकी नाटक, कबड्डी, एकल अभिनय सहित सौ से अधिक प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर
