– सांसद कुशवाह ने जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक में दिए निर्देश

ग्वालियर, 07 फरवरी (हि.स.)। क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ग्वालियर के माध्यम से जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में किए जा रहे कार्य निर्धारित समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों। विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी अनिवार्यत: उपलब्ध कराई जाए।

सांसद कुशवाह ने शनिवार को जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक में विभाग की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक में विधायक मोहन सिंह राठौर, सुरेश राजे व साहब सिंह गुर्जर, भाजपा के ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, कलेक्टर रुचिका चौहान सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
सांसद कुशवाह ने कहा कि केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विद्युत सुधार के लिये स्वीकृत कार्यों को पूर्ण गति के साथ पूरा किया जाए। किए जा रहे कार्यों की जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही विद्युत सुधार के लिये जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को भी योजना में नियमानुसार शामिल करने की कार्रवाई की जाए।
बैठक में विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री पाराशर ने विभाग की आरडीएसएस योजना अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 151.60 करोड़ रुपए की लागत से कार्य किए जा रहे हैं। इससे नवीन विद्युत उपकेन्द्र, अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मरों की स्थापना, नवीन ट्रांसफार्मरों की स्थापना, तारों की क्षमता का विकास के साथ ही एलटी लाइनों में स्थापित केबलों की क्षमता में विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही मॉडिनाइजेशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र में 69.75 करोड रुपयये के कार्य प्रस्तावित हैं।
इनमें विद्युत उप केन्द्रों की स्थापना, ट्रांसफार्मरों की स्थापना, ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि के काम लिए गए हैं। इसके साथ ही ट्रांसफार्मरों की क्षमता विकास के कार्य भी विभाग द्वारा जिले में किए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्र के कार्यों के संबंध में अधीक्षण यंत्री शहर श्री कालरा ने भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र के वार्ड-1 से 66 तक मोहल्लों में विद्युतीकरण कार्य, 143.31 लाख रुपये के प्राक्कलन तैयार कर कार्य पूर्ण किया गया है। इसके साथ ही मोहल्लों एवं मजरे टोलों में विद्युतीकरण का कार्य भी किया गया है। बैठक में विधायकों ने भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में विद्युत सुधार के संबंध में महत्वपूर्ण विचार रखे। उन्होंने अपने क्षेत्र के कई प्रस्तावों के संबंध में भी जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
