फिरोजाबाद, 27 फ़रवरी (हि.स.)। थाना लाइनपार पुलिस टीम ने शुक्रवार को छापेमार कार्यवाही कर अनैतिक देह व्यापार करने वाली दो महिलाओं सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्यवाही से हड़कंप मचा हुआ है।

मामला थाना लाइनपार क्षेत्र से जुड़ा है। यहां आज़ाद नगर स्थित एक घर में देह व्यापार की सूचना पुलिस को मिली। सीओ सिटी प्रवीन तिवारी के नेतृत्व थाना प्रभारी लाइनपार रमित कुमार आर्य ने पुलिस टीम के साथ जब इस घर की घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की तो चीख पुकार मच गई। घर में मौजूद महिलाएं और पुरुष भागने लगें। पुलिस ने घेराबंदी कर दो महिलाओं व दो युवकों को पकड़ लिया।

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने नाम दिनेश कुमार पुत्र प्रमोद कुमार निवासी नई बस्ती थाना दक्षिण व रामजी पुत्र छोटे हलवाई निवासी मौहल्ला छपेटी थाना इकदिल इटावा बताए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 4800 रूपये व आपत्तिजनक सामान भी मिला है।
सीओ सिटी प्रवीन तिवारी ने बताया कि सूचना पर छापेमार कार्रवाई कर दो महिलाओं सहित चार लोगों को पकड़ा है। यह देह व्यापार में लिप्त थे। इनके विरुद्ध कार्रवाई कर इन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेजा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
