पश्चिम मेदिनीपुर, 12 मार्च (हि.स.)। जिले के घाटाल शहर में गुरुवार 11.30 बजे करीब एक शिक्षक का फंदे से लटका शव उनके घर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शुभेंदु सिन्हा (51) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, घाटाल के उदयगंज के एक नंबर वार्ड स्थित अपने घर में वह अकेले रहते थे। वह चंद्रकोणा थाना क्षेत्र के रामजीवनपुर सर्किल अंतर्गत बामुनिया बांकुड़ा पाठ बेसिक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। पिछले कुछ दिनों से वह शारीरिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। गुरुवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर स्थानीय लोग एकत्रित हुए और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
खरार चौकी पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह उनके कमरे में गले में फंदा लगा हुआ शव बरामद किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि संभवतः अवसाद के कारण उन्होंने आत्महत्या की है। पूरे मामले की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
