कानपुर, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर रेउना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक नीलगाय से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में हैलट अस्पताल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

कानपुर देहात निवासी (26) कैलाश पाल अपने साथी (28) छोटू पाल के साथ देर रात बाइक से किसी निजी काम से घाटमपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों रेउना थाना क्षेत्र के दरौली गांव के पास पहुंचे, तभी अचानक बाइक के सामने नीलगाय आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े।
हादसा देख आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए दोनों घायलों को घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कैलाश पाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं छोटू पाल की हालत गंभीर देखते हुए उसे हैलट अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। रेउना थाना प्रभारी अनुज राजपूत ने बताया कि हादसे में दोनों युवकों की मौत हुई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
