-झारखंड में वित्तीय गड़बड़ी पर भाजपा का हमला, आदित्य साहू ने की सीबीआई जांच की मांग

रांची, 17 मार्च (हि.स.)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने विधानसभा में पेश की गई नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में उजागर हजारों करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी पर प्रतिक्रिया दी है।
आदित्य साहू ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि हेमंत सरकार लगातार पैसे की कमी का रोना रोती है और गरीब कल्याण योजनाओं, सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा करती है। लेकिन वास्तविक स्थिति सीएजी की रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से सामने आई है।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार, राज्य सरकार 14वें वित्त आयोग के 486 करोड़ रुपये नियम न बनाने के कारण प्राप्त नहीं कर सकी, जबकि 258 करोड़ रुपये खर्च नहीं किए जा सके। साथ ही, गांव और पंचायतों के विकास के लिए मिले धन का सही वितरण नहीं हुआ, पंचायत भवनों के निर्माण में अनियमितताएं हुईं और योजनाओं की सोशल ऑडिट नहीं कराई गई।
आदित्य साहू ने कहा कि वित्तीय अनियमितताओं की स्थिति गंभीर है और 7,592 करोड़ रुपये के उपयोगिता प्रमाण पत्र जारी नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार में घोटालों की श्रृंखला लगातार जारी है। आम नागरिक बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। स्कूलों में शिक्षक और किताबें नहीं हैं, छात्रवृत्ति और स्कूल ड्रेस नहीं मिल रही, अस्पतालों में दवाइयां, एम्बुलेंस और डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं, और किसानों को धान खरीद के पैसे नहीं मिले हैं। इसके साथ ही डीएमएफटी फंड का दुरूपयोग और घोटाले लगातार हो रहे हैं।
आदित्य साहू ने राज्य सरकार से मांग की कि वित्तीय कुप्रबंधन पर श्वेतपत्र जारी किया जाए और राज्य के खजाने से हुए हजारों करोड़ रुपये की लूट की जांच के लिए सीबीआई को आदेश दिया जाए।—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
