भुवनेश्वर, 19 मार्च (हि.स.)। भुवनेश्वर के चंद्रशेखरपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड दुर्गा पूजा मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चंद्रशेखर भाग, भुवनेश्वर द्वारा राष्ट्रीय नव वर्ष उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल पथ संचलन से हुई, जिसमें घोष वाद्य के साथ स्वयंसेवकों ने क्षेत्र में भ्रमण किया। संचलन के दौरान भगवा ध्वज का विभिन्न स्थानों पर मातृशक्ति द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद दंड (लाठी), युद्धकला और योगासन जैसे शारीरिक प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए। स्वयंसेवकों ने सामूहिक गीत भी गाया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्र संपर्क प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, श्री विद्युत मुखर्जी उपस्थित रहे। उन्होंने भारतीय वैज्ञानिक कालगणना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए स्वदेशी नव वर्ष मनाने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने नव वर्ष तिथि के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व—जैसे ब्रह्मा द्वारा सृष्टि की शुरुआत, भगवान श्रीराम और धर्मराज युधिष्ठिर के राज्याभिषेक, सम्राट विक्रमादित्य द्वारा विक्रम संवत का प्रचलन, शक संवत की शुरुआत तथा स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा आर्य समाज की स्थापना—पर भी चर्चा की।
इस अवसर पर संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती भी मनाई गई और उनके जीवन एवं योगदान को स्मरण किया गया।
मंच पर ओडिशा पूर्व प्रांत के कार्यवाह डॉ. अनिल मिश्रा तथा चंद्रशेखर भाग के संघचालक श्री सुकांत कुमार दास भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन भाग कार्यवाह इंजीनियर देविप्रसाद महापात्र ने किया, जबकि शारीरिक गतिविधियों का संचालन हरेकृष्ण बेहरा और टुलु गुमान सिंह ने संभाला।
कार्यक्रम की व्यवस्था में दिव्यज्योति बिश्वाल, प्रणय प्रियंकर मिश्रा, सुरेश बेहरा, आनंद कुमार पृष्टि, सत्य नारायण ओझा, देवेश दास, सिद्धार्थ सत्यप्रकाश सामल, मृत्युंजय षडंगी और प्रसन्न महांति सहित कई कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।
चंद्रशेखरपुर क्षेत्र से लगभग 250 से अधिक स्वयंसेवक गणवेश में उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
