रांची, 11 मार्च (हि.स.)। रांची से छत्तीसगढ़ जा रही शिवनाथ बस में अचानक आग लग गई। आग लगने से बस में सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। हालांकि चालक ने सुझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे खड़ा कर सभी सवारियों को उतार दिया जिससे सभी यात्री बाल-बाल बचे।

घटना खरसीदाग ओपी क्षेत्र के कोचबोंग रिंगरोड की है। बस रांची के खादगढ़ा से साढ़े चार बजे छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए चलीं थी। बस में लगभग 40 यात्री बैठे थे। यात्रियों के अनुसार बस जैसे ही कोचबोंग पहुंची धूंआ उठने लगा, जिसे देखकर चालक ने बस किनारे खड़ी कर सभी को उतार दिया। देखते ही देखते आग पूरे बस में फैलने लगी। यात्रियों ने हड़बड़ी में डिक्की में रखें अपने सामानों को निकाला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने अग्निशमन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया परंतु टीम के पहुंचने से पहले आग पूरे बस में फैल चुकी थी। अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बस की छत पर रखें सब्जी एवं कॉपी किताब जलकर राख हो गए।
बस में शॉर्ट सर्किट कि वजह से आग लगने की आशंका व्यक्त की जा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि बस का डीजल टंकी से रिसाव हो रहा था जिसकी वजह से आग लगीं।
ओपी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को मौके पर बुलाया गया जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अबतक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
