
सीतापुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। थानगांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कम्प मच गया, जब गांव के बाहर स्थित तालाब में एक युवक का शव उतराता हुआ मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पहचान होने के बाद खुलासा हुआ कि शव चार दिन से लापता युवक का है।

मृतक की पहचान थानगांव निवासी 20 वर्षीय मनीष कश्यप पुत्र नरेश कश्यप के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मनीष 3 फरवरी की शाम से लापता था। परिजन और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन शनिवार सुबह तालाब में शव मिलने से पूरे गांव में मातम छा गया।

ग्रामीणों और परिजनों ने आशंका जताई है कि मनीष का 3 फरवरी की शाम नव निर्मित पुलिया के पास से अपहरण किया गया था। इसके बाद उसे कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और फिर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को रात के अंधेरे में तालाब में फेंक दिया गया, ऐसा प्रतीत हो रहा है।
शव की हालत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के नाक से रक्तस्राव हो रहा था और शरीर पर चोट के कई स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना पर थानगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष विमल गौतम ने बताया कि युवक की गुमशुदगी की सूचना 3 फरवरी को शाम 7 बजे मिलने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि परिजनों ने अभी तक किसी के भी खिलाफ तहरीर नहीं दी है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
