रांची, 06 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी के धुर्वा के होटवासी में नवनिर्मित नर्मदेश्वर शिवलिंग मंदिर, हनुमान मंदिर, दुर्गा मंदिर एवं राधे-कृष्ण मंदिर में शुक्रवार को भगवान की प्राण प्रतिष्ठा हुई। पूरा मंदिर परिसर भगवान के जयकारे से गूंज उठा। हवन के बाद पांच दिनों तक चले अनुष्ठान का समापन हो गया।

इसके पूर्व पूरा दिन मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा। सभी ने भगवान की पूजा-अर्चना की। काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा भी की। यह सिलसिला देरशाम तक चलता रहा। शाम की आरती के बाद चारों मंदिरों के पट बंद किये गये। पांच दिनी प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान को वाराणसी से पहुंचे पंडित ललन प्रसाद तिवारी और उनके सहयोगियों ने पूरा कराया। इस बीच हवन के बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग का भी वितरण किया गया। रात आठ बजे से जागरण का भी आयोजन किया गया। भक्ति वाले गीत-संगीत के साथ स्थानीय लोग देर रात तक झूमते रहे। इसके पूर्व मंदिर निर्माण से लेकर अन्य आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले लोगों को मंदिर समिति ने सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में मंदिर निर्माण करने वाले पश्चिम बंगाल से आये कारीगर बंजारी भी शामिल हैं।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
