भरतपुर, 02 मार्च (हि.स.)। जिले के खेड़ली मोड़ थाना इलाके में सामंतपुरा गांव की चरागाह भूमि में एक अज्ञात युवक का शव जमीन में दबा हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो फीट गहरे गड्ढे में दबे शव को बाहर निकलवाया। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

सावर सर्किल के सीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि सामंतपुरा गांव की चारागाह जमीन में एक शव दबा हुआ है, जिसके हाथ-पैर जमीन से बाहर दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव के एक हाथ पर अंग्रेजी में “पवन खेड़ली” लिखा हुआ मिला है, जिससे पहचान की कोशिश की जा रही है। शरीर पर केवल जींस पहनी हुई थी और तलाशी के दौरान कोई पहचान पत्र या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ।
पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पास के गांव जसवर निवासी संजीव ने बताया कि जहां शव मिला है, उससे कुछ दूरी पर उसकी बोरिंग है। दो दिन पहले वह उधर गया था, लेकिन रास्ता बंद मिला। पूछने पर पास के क्रेशर संचालकों ने पत्थर निकालने का काम चलने की बात कहकर रास्ता बंद होने की जानकारी दी। सोमवार को जब वह दोबारा अपने खेत में सरसों काटने पहुंचा, तभी जंगल की ओर घूमने गए एक व्यक्ति भोपा ने जमीन में किसी के हाथ-पैर बाहर निकले होने की सूचना दी। इसके बाद संजीव मौके पर पहुंचा और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तत्पश्चात पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी शव की पहचान नहीं की। प्रारंभिक जांच में शव को जानबूझकर गड्ढा खोदकर दबाने की आशंका जताई जा रही है। एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत कैसे हुई और शव को यहां लाकर क्यों दबाया गया। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
