हुगली, 06 अप्रैल (हि. स.)। आरामबाग महकमा में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए तीन विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों का नामांकन दाखिल कराया। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों ने भव्य रैलियों और शोभायात्राओं के जरिए अपनी ताकत दिखाई।

महकमा के चार विधानसभा क्षेत्रों में से आरामबाग, गोघाट और खानाकुल में तृणमूल उम्मीदवारों ने बड़े जुलूस के साथ नामांकन दाखिल किया। सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह देखने लायक था। रैलियों में पार्टी के झंडे, बैनर, नारे और ढाक की धुनों ने पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।
आरामबाग विधानसभा सीट से तृणमूल उम्मीदवार मिता बाग ने नामांकन से पहले विशाल रैली निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि आरामबाग के लोग विकास के पक्ष में हैं और पिछले वर्षों में हुए काम जनता के सामने स्पष्ट हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर तृणमूल पर भरोसा जताएगी। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और महिला सशक्तिकरण पर जोर देने की बात कही।
गोघाट विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार डॉ. निर्मल माझी ने भी रैली के साथ नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि गोघाट में स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी गई है और आगे भी लोगों के लिए काम जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि जनता के साथ सीधा जुड़ाव ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
वहीं, खानाकुल सीट से उम्मीदवार पलाश राय ने नामांकन के बाद कहा कि यहां के लोग हमेशा विकास की राजनीति का समर्थन करते आए हैं। उन्होंने शिक्षा, कृषि और परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने का भरोसा जताया। उन्होंने यह भी कहा कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी तृणमूल के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाती है।
हालांकि, पुरशुरा विधानसभा सीट से तृणमूल उम्मीदवार पार्थ हाजरा ने अभी नामांकन दाखिल नहीं किया है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, वे निर्धारित समय के भीतर नामांकन दाखिल करेंगे।
कुल मिलाकर, तीन सीटों पर नामांकन के दौरान तृणमूल का मजबूत शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
