हुगली, 09 अप्रैल (हि. स.)। जिले की परशुरा विधानसभा क्षेत्र से तन्मय घोष ने गुरुवार को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने आरामबाग स्थित महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से नामांकन पत्र जमा किया।

नामांकन के दौरान उनके साथ कुछ समर्थक भी मौजूद थे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वे किसी राजनीतिक दल के बागी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं या नहीं। इससे उनकी उम्मीदवारी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस बार परशुरा विधानसभा क्षेत्र में कई दलों के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। ऐसे में तन्मय घोष का निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ना चुनावी समीकरणों को किस हद तक प्रभावित करेगा, इसको लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में तन्मय घोष ने कहा कि वह क्षेत्र के विकास और आम लोगों के हित में काम करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में उन्हें जनता का समर्थन मिलेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
