कोलकाता, 11 मार्च (हि.स.)।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने बुधवार को भारतीय चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहा कि वह आयोग के इस दावे से सहमत नहीं है कि “अधिकांश राजनीतिक दलों ने” पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभ्यास की सराहना की है।
सीपीआई(एम) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि पार्टी ने लगातार इस प्रक्रिया को लेकर अपनी गंभीर आपत्तियां आयोग के पूर्ण पीठ के समक्ष रखी थीं। आयोग का यह पूर्ण पीठ पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए तीन दिवसीय दौरे पर राज्य आया था और इसी दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से बातचीत भी की थी।
सीपीआई(एम) ने नौ मार्च को आयोग की ओर से जारी बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा, “बयान का सबसे विवादित हिस्सा यह दावा था कि ‘अधिकांश राजनीतिक दलों ने’ मतदाता सूची के व्यापक विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभ्यास की सराहना की।”
पार्टी का कहना है कि उसने इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट असहमति और चिंताओं को आयोग के समक्ष पहले ही दर्ज करा दिया था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
