बिजनौर, 07 फरवरी (हि .स.)| बिजनौर के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के मंडोरा गांव में भीख मांगने के बहाने घर में घुसे बदमाशों ने अकेली महिला की गर्दन पर चाकू रखकर लाखों का सोना लूट लिया। पुलिस जांच में जुटी है।

घर में घुसे बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर में महिला अकेली थी, जबकि उसका पति अमित अपनी बहन का पेपर दिलवाने मुरादाबाद गया हुआ था। पीड़िता के अनुसार, तीन बदमाश घर में घुसे, जिनमें एक महिला और दो पुरुष शामिल थे। बदमाशों ने महिला की गर्दन पर चाकू रखकर डराया और घर में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने के जेवर लूट लिए। इसके बाद मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने करीब दस दिन पहले भी गांव में रेकी की थी। उस समय भी वे भीख मांगने के बहाने घर-घर जाकर स्थिति का जायजा ले रहे थे। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घर के दो दरवाजे हैं, जिस घर से लुटेरे घुसें हैं उस तरफ के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जायेगी। उन्होंने बताया कि घर वालों ने जानकारी दी कि दस दिन पहले भी इनमें से एक युवक बैंक कर्मी बताते हुए अमित के बारे में जानकारी ले रहा था। इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
