नई दिल्ली, 02 फरवरी (हि.स.)। दक्षिण दिल्ली के छत्तरपुर इन्कलेव में सकल हिंदू समाज छत्तरपुर ने हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया। रविवार देर शाम आयाेजित इस कार्यक्रम में एक हजार से अधिक नागरिकों ने भाग लिया। सम्मेलन में छत्तरपुर के विधायक करतार सिंह एवं स्थानीय काउंसलर उम्मेद सिंह फोगट सहित क्षेत्र के नागरिकों ने भाग लेकर आयोजन को प्रोत्साहन दिया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए बिजय आनंद ने हिंदू समाज में व्याप्त सामाजिक व जातिगत असमानताओं को दूर कर आपसी समरसता और एकता स्थापित करने पर बल दिया।
मुख्य अतिथि सार्वजनिक नीति विशेषज्ञ व शिक्षाविद् डॉ. राजवीर शर्मा ने हिंदू समरसता और सामाजिक सहभागिता के महत्व पर विचार रखे।
लाल बहादुर शास्त्री केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के पौरोहित्य विभागाध्यक्ष प्रो. रामराज उपाध्याय ने सनातन संस्कृति के मूल्यों को सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई।
सरोज ने “पंच प्राण” के माध्यम से नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित सम्मान समारोह में कला प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में संगीत शिक्षिका उर्मिला भट्ट एवं उनके शिष्यों ने सरस्वती वंदना से सत्र का आरंभ हुआ। कथक नृत्य, देशभक्ति गीत तथा “वंदे मातरम्” की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही।
आयोजकों ने कहा कि यह सम्मेलन हिंदू समाज को जोड़ने, नई पीढ़ी में संस्कार और सांस्कृतिक चेतना जगाने तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। उपस्थित जनसमुदाय ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे प्रतिवर्ष आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी
