रायपुर, 02 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया जा रहा है। आगामी 08 मार्च से 13 मार्च 2026 तक प्रदेश के सभी 33 जिलों में ‘महा जनसुनवाई सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा।

महिलाओं की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान किया जाएगा। घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और अन्य महिला संबंधी मामलों पर प्राथमिकता से सुनवाई होगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को न्याय के लिए भटकना न पड़े और जिला स्तर पर ही प्रभावी समाधान मिल सके।इस जिला स्तरीय महा जनसुनवाई से महिलाओं को उनके स्थानीय स्तर पर ही कानूनी सहायता और शिकायतों का समाधान मिल सकेगा, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर कड़े निर्देश जारी किए हैं।

किरणमयी नायक ने बताया है कि 8 मार्च (अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस) से शुरू होने वाले इस सप्ताह के दौरान प्रत्येक जिले में निर्धारित स्थलों पर आयोग की टीम पहुंचेगी। पीड़ित महिलाएं अपने लंबित मामलों या नई शिकायतों के साथ इन शिविरों में सीधे उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
