रायपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है । मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है। इन संभागों में 19 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं बस्तर संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है।अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और इजाफा हो सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण और अन्य मौसमी सिस्टम के कारण प्रदेश में शुष्क मौसम बना हुआ है। यही वजह है कि तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव में 43.5°C (सबसे ज्यादा),रायपुर में 43°C,बिलासपुर में 42.8°C,माना में 42.5°C,जगदलपुर में 40°C तथा अंबिकापुर में 39.3°C तापक्रम दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
