रायपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा में मंगलवार को प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1.72 लाख करोड़ रूपये का बजट पेश किया। विष्णुदेव साय की सरकार का यह तीसरा बजट है। ज्ञान और गति के बाद इस बार ‘संकल्प’ थीम पर बजट पेश किया गया है। संकल्प अर्थात समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानसंसाधन, अन्त्योदय, लाइवलीहुड और पॉलिसी से परिणाम तक।

वित्त मंत्री ने प्रदेश के इतिहास का सबसे बड़ा बजट पेश करते हुए इसमें नक्सलियों के प्रभाव से बाहर निकल रहे बस्तर के साथ-साथ सरगुजा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि बस्तर और सरगुजा में डॉक्टरों की भर्ती होगी। बजट में बस्तर और सरगुजा को रोड नेटवर्क कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए प्रावधान किया जाएगा। राज्य में रेलवे लाइन का विकास किया जाएगा।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सड़क योजना के लिए 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसमें प्रदेश की 36 सड़कें शामिल की गई हैं। शहीद वीरनारायण सिंह आयुष्मान योजना के माध्यम से सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए 5 लाख रुपये तक के इलाज के लिए डेढ़ हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। रायपुर में खाद लैब का निर्माण, कांकेर, कोरबा, महासमुंद में नर्सिंग कॉलेज बनाने की घोषणा की गई है।
मेकाहारा में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का उपयोग किया जाएगा, जिसके लिए 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है। मितानिन कल्याण निधि के लिए 350 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। प्रदेश में 250 महतारी सदन बनेंगे, जिसके लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इंद्रावती में मटनार और देउरगांव में 24 करोड़ की लागत से बैराज निर्माण के साथ 68 करोड़ की स्वीकृति की गई है। वित्त मंत्री ने बजट में महतारी वंदन योजना के लिए 8200 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि बस्तर- सरगुजा के लिए बस सेवा के लिए इस बजट में 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है। बजट में निवेशकों को अनुदान के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम का आयोजन किया जा रहा है। इस तरह के आयोजन के लिए बजट में 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बस्तर में अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो एजुकेशन सिटी की स्थापना होगी। दोनों सिटी के लिए 100-100 करोड़ रुपये का प्रावधान है।
वित्तमंत्री चौधरी ने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ा ऐलान करते हुए प्रदेश में तीन नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किये जाने का ऐलान किया। सरकार ने कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़ और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज खोलने का फैसला किया है। बजट में बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट के विकास के लिए 80 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना लागू होगी। इसके लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पांच नालंदा लाइब्रेरी के लिए 22 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। निशुल्क बिजली योजना के लिए 354 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करने से पहले वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से विधानसभा परिसर स्थित उनके कक्ष में मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने वित्त मंत्री को बजट के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बजट प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला और छत्तीसगढ़ के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला सिद्ध होगा। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित मंत्रि परिषद के सभी मंत्री एवं वित्त सचिव मुकेश बंसल उपस्थित थे।
——————–
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
