छिंदवाड़ा, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले अंतर्गत सौसर विकासखंड के जामसांवली हनुमान भक्ति की दिव्य धारा और आध्यात्मिक ऊर्जा का विराट संगम आगामी 31 मार्च को चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर, जामसांवली धाम (हनुमान लोक) में साकार होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक और अभूतपूर्व आयोजन में रसराज महाराज की अमृतमयी वाणी में 11 हजार श्रद्धालु एक साथ सामूहिक सुंदरकांड पाठ करेंगे। शाम 7:30 बजे से प्रारंभ होने वाला यह कार्यक्रम न केवल क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश और देश में भक्ति का केंद्र बनेगा, वहीं इसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा ताकि दूर-दराज के श्रद्धालु भी इस पुण्य अवसर से जुड़ सकें।

विश्वभर में गूंज रही रसराज महाराज की भक्ति
हनुमान भक्ति के प्रखर प्रवक्ता रसराज महाराज आज केवल देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। मार्च माह में उन्होंने दुबई, आयरलैंड सहित कई देशों में सुंदरकांड पाठ कर भारतीय संस्कृति, रामभक्ति और हनुमान उपासना का संदेश विश्वभर में पहुंचाया है। उनकी कथा शैली में भक्ति, भाव और जीवन दर्शन का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है, जो हर वर्ग के श्रोता को सहज ही अपनी ओर आकर्षित कर लेता है। विदेशों में भी उनकी वाणी ने हजारों श्रद्धालुओं को भावविभोर किया है, जिससे भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का गौरव और अधिक बढ़ा है।
जामसांवली में बनेगा ऐतिहासिक विश्व कीर्तिमान
जामसांवली धाम में होने वाला यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक विश्व कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 11 हजार श्रद्धालुओं द्वारा एक साथ सुंदरकांड पाठ का यह अद्वितीय दृश्य एशिया बुक ऑफ इंडिया एवं इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने की तैयारी में है। यह उपलब्धि जामसांवली धाम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी और मंदिर का नाम विश्व पटल पर स्वर्ण अक्षरों में अंकित करेगी। साथ ही यह कीर्तिमान सोशल मीडिया, बैनर और विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक रूप से प्रसारित होकर क्षेत्र की धार्मिक महत्ता को और सुदृढ़ करेगा।
ई-टिकट बुकिंग में उमड़ा जनसैलाब
इस भव्य आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिल रहा है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से किए जा रहे पंजीयन में अब तक 6 हजार से अधिक श्रद्धालु ऑनलाइन ई-टिकट बुक कर चुके हैं। यह संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि आयोजन के प्रति लोगों में कितनी गहरी आस्था और उत्सुकता है। बड़ी संख्या में आसपास के जिलों सहित अन्य राज्यों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे जामसांवली धाम एक विशाल धार्मिक संगम स्थल के रूप में परिवर्तित होगा।
जामसांवली हनुमान मंदिर संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बुधवार को उक्त जानकारी दी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन सुंदरकांड पाठ में सहभागिता करें और भगवान हनुमान जी की कृपा प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भक्ति, एकता और सांस्कृतिक चेतना का महापर्व है, जिसमें हर श्रद्धालु की भागीदारी इसे और भी दिव्य बनाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan
