छिंदवाड़ा, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के पर्यटन को और पर्यटन के विकास को एक नई दिशा दी जाएगी। पर्यटक ग्राम देवगढ़ और चिमटीपुर को पूर्णता प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा। दोनों पर्यटन ग्रामों में प्लास्टिक सामग्री पर पूर्णत प्रतिबंध रहेगा।

पर्यटक ग्राम में पानी की प्लास्टिक बोतल एवं खाद्य सामग्री के प्लास्टिक पाउच नहीं ले जाए जा सकेंगे। इसके लिए ग्राम के बाहर जांच नाके भी स्थापित किए जाएंगे। स्थानीय समुदाय के सहयोग से जिला प्रशासन इस पहल को प्रभावी रूप से लागू करेगा। जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद ने आगामी एक अप्रैल से उक्त कार्य को करने का प्रयास जारी रखा है। विगत दिनों परिषद की बैठक में निर्णय लिया गया था।
पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटन स्थलों के संरक्षण संवर्धन एवं प्रचार प्रसार के उद्देश्य से ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इससे पर्यटन स्थलों की पहचान को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा जिले के 12 ग्रामों में सबसे अधिक होमस्टे निर्माणाधीन है जो प्रदेश में सर्वाधिक है। कुकड़ीखापा वॉटरफॉल के विकास हेतु तैयार प्रस्ताव मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड को प्रेषित किया गया है। प्रस्ताव में रेलिंग,बिजली, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं के विकास संबंधी बिंदु शामिल हैं। तामिया में प्रस्तावित ओपन थिएटर निर्माण कार्य की भी समीक्षा जारी है। मुख्यालय से प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बस संचालन का प्रस्ताव रखा गया है। पर्यटन ग्रामों में सामुदायिक भवन निर्माण तथा देवगढ़ एवं चोपना में सड़क निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओ को दूर कर शीघ्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan
