कटिहार, 02 फरवरी (हि.स.)। कटिहार जिला के कचना थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने छिनतई की झूठी सूचना का खुलासा करते हुए सनाउल हक नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सनाउल हक ने अपने मालिक के 50,000 रुपये गबन करने के लिए झूठी कहानी गढ़ी थी।

पुलिस ने बताया कि सनाउल हक, जो उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के बिछनागर का रहने वाला है, ने बीते 31 जनवरी को कचना थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि आलू खरीदने के लिए 50,000 रुपये लेकर जाने के दौरान चार अज्ञात युवकों ने उसके पैसे और मोबाइल छीन लिए। लेकिन पुलिस की जांच में यह शिकायत झूठी पाई गई।
पुलिस ने बताया कि सनाउल हक ने अपने मालिक के पैसे गबन करने के लिए झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने सनाउल हक के पास से 50,000 रुपये और एक ओप्पो मोबाइल बरामद किया है।
इस मामले में कचना थाना में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। सनाउल हक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह
