
प्रशिक्षण सह कार्यशाला में जंगल में आग लगने से होने वाले नुकसान, कारण और बचाव की दी जा रही है जानकारी

धमतरी , 07 फ़रवरी (हि.स.)। ग्रीष्म ऋृतु में जंगल को गर्मी के दिनों में आग से बचाने के लिए वन विभाग की तैयारी शुरू हो गई है। वन विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियाें की अगुवाई में सड़क किनारे के पतझड़ पर आग लगाकर सफाई कराई जा रही है, ताकि जंगल सुरक्षित रहे। वहीं जंगलों को गर्मी में आग से बचाने के लिए इन दिनों अधिकारी-कर्मचारियों के साथ फायरवाचरों व लोगों को जंगल को आग से बचाने संबंधित कई जानकारियां दी जा रही है। प्रशिक्षण व कार्यशाला आयोजित हो रही है, ताकि लोग जंगल को आग से सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक हो सके। कार्यशाला के माध्यम से डीएफओ कृष्ण जाधव ने लोगों से जंगल को आग से बचाने अपील की है।

जंगल में आगजनी की रोकथाम, त्वरित नियंत्रण एवं आधुनिक सूचना तंत्र के माध्यम से सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से सात फरवरी को उप वनमंडल स्तरीय अग्नि सुरक्षा कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम वन काष्ठागार नगरी में हुआ। यहां प्रशिक्षण के दौरान वनाग्नि से होने वाले नुकसान, आग लगने के कारण, बचाव के उपायों तथा विभागीय समन्वय पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देते हुए 120 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एफएसआई एसएमएस अलर्ट सिस्टम से जोड़ा गया है, ताकि वनाग्नि की सूचना समय पर प्राप्त हो सके और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने वन संरक्षण में सभी कर्मचारियों और श्रमिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सतर्कता एवं समर्पण से कार्य करने का आह्वान किया। कार्यशाला में संयुक्त वन मंडलाधिकारी, नगरी, उप प्रबंध संचालक लघु वनोपज संघ सहित उप वन मंडल नगरी के सभी परिक्षेत्र अधिकारी, प्रशिक्षु परिक्षेत्र अधिकारी, सभी प्रबंधक, उप वन मंडल का स्टाफ, फड़ मुंशी, सुरक्षा श्रमिक एवं फायरवाचक उपस्थित रहे।
उप वन मंडलस्तरीय अग्नि सुरक्षा कार्यशाला एवं जैव विविधता संरक्षण, बीएमसी का सशक्तिकरण, प्रशिक्षण जागरूकता कार्यक्रम सात फरवरी को वन परिक्षेत्र केरेगांव के कैंपस में हुआ। यहां वन मंडलाधिकारी कृष्ण जाधव, प्रशिक्षु आईएफएस एम यादव, संयुक्त वनमंडलाधिकारी मनोज विश्वकर्मा, महेश गोटा जनपद अध्यक्ष नगरी, चंद्रकला साहू जनपद सदस्य कुकरेल, अकबर मंडावी सरपंच केरेगांव, देवचंद उइके सरपंच डोकाल, डिकेन्द्र नेताम एसीएफ प्रभारी रेंजर धमतरी, राजेंद्र प्रसाद मिश्रा प्रशिक्षण विशेषज्ञ वाइल्ड लाइफ, अनुभा उपाध्याय एवं टीम तथा वन विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारी, वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, फायर वाचर व सुरक्षा श्रमिक उपस्थित रहे। ओमकार सिन्हा परिक्षेत्र अधिकारी केरेगांव के नेतृत्व में यह कार्यक्रम हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
