भागलपुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड भागलपुर संगठन को सुदृढ़ एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से और अधिक मजबूत करने की दिशा में प्रदेश नेतृत्व द्वारा एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अर्जुन साह को जिला निर्वाची पदाधिकारी तथा वरीय नेता मनोरंजन मजूमदार को जिला निर्वाची पर्यवेक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। दोनों नेता संगठन के पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर संगठनात्मक निर्वाचन कार्यों को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराएंगे।

इस नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जिन अनुभवी, समर्पित एवं संगठन के प्रति निष्ठावान नेताओं को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उससे निश्चित रूप से संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिलेगी। अर्जुन शाह एवं मनोरंजन मजूमदार का संगठनात्मक अनुभव पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा। उपरोक्त आशय की जानकारी देते हुए जिला प्रवक्ता शैलेंद्र तोमर ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड का संगठन लगातार विस्तार की ओर अग्रसर है। संगठनात्मक चुनाव के माध्यम से पार्टी नए कार्यकर्ताओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने और पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ लेने की दिशा में आगे बढ़ रही है। यह प्रक्रिया पार्टी को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
