रांची, 09 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड विधान सभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने गुरुवार को विधानसभा स्थित समिति कक्ष में विधानसभा के नवगठित सभी समितियों के सभापति के साथ बैठक की।

बैठक में अध्यक्ष ने सभी सभापतियों को बधाई दी। विधानसभा अध्यक्ष ने समिति व्यवस्था के क्रियाकलापों के संबंध में और अधिक सुधार लाने पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में समिति की यह बड़ी खुबसुरती है कि इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सदस्य शामिल होते हैं। राजनीति में दोनों पक्ष चाहे वह सत्ता की ओर से हो या विपक्ष की ओर से राज्य के विकास को दृष्टिपथ में रख कर अपनी महती भूमिका अदा करते हैं।
समिति की रिर्पोट के माध्यम से जो बातें सामने आती हैं, उसे स्वीकृती दी जाती है। उन्होंने कहा कि जब समिति किसी जनकल्याण से जुड़े मुद्दे पर अपनी रिर्पोट देती है, विधानसभा के पटल पर रखने के बाद सरकार भी इसके अनुशंसाओं पर गंभीरता से विचार करती है। सदन के माध्यम से जो बातें सामने आती है, सदन के बाद समितियों उन पर पैनी नजर रखते हुए वैसे मुद्दों को निष्पादन करने के लिए बैठक बुला कर उसका निष्पादन करती है।
उन्होंने कहा कि समिति की बैठकें एक समय अंतरात पर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं और राज्य के अंदर समितियों विभिन्न जिलों में जाकर संबंधित मुददे जो उनके समक्ष लाये जाते हैं, उसका निराकरण करें। ताकि जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ निपटारा किया जा सकें।
महतो ने राज्य के मुख्य सचिव को बैठक में निर्देश दिया कि हर विभागवार समिति की बैठकों में भाग लेने के लिए संबंधित पदाधिकारी निश्चित रूप से उपस्थित रहे। समिति की बैठक के निर्देश को अपने-अपने विभाग में त्वरित निष्पादन के लिए तत्परता के साथ कार्य करें।
बैठक में सभापतियों के साथ, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और अपर मुख्य सचिव झारखंड सरकार एवं महालेखाकार झारखंड उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
