–जनप्रतिनिधियों द्वारा संज्ञान में लाए गए विषयों पर तत्काल कार्यवाही करने तथा कृत कार्यवाही से अवगत कराने के भी निर्देश

–सभी सरकारी भूमियों से अवैध कब्जों को हटाने तथा भूमाफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश

प्रयागराज, 25 फरवरी (हि.स)। जल शक्ति मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता व अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बुधवार को सर्किट हाउस में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक की गयी। जिसमें प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास कार्यों, आवास आवंटन, किसानों की समस्या, ट्रैफिक मैनेजमेंट, जलापूर्ति, जनसुनवाई एवं कानून व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय व सहयोग के साथ जनहित से जुड़े मामलों को संवेदनशीलता के साथ यथोचित निर्णय लेते हुए समय से निस्तारित करने के लिए कहा। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र से सम्बंधित विभिन्न जनसमस्याओं एवं कराये जाने वाले आवश्यक कार्यों से अवगत कराते हुए उन पर आवश्यक कार्यवाही कराये जाने के लिए कहा। जिस पर मंत्री ने जिलाधिकारी व अपर पुलिस आयुक्त व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों द्वारा बैठक में संज्ञान में लाए गए विषयों पर तत्काल कार्यवाही किए जाने तथा कृत कार्यवाही से जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराने के लिए कहा।
प्रभारी मंत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा से जनप्रतिनिधियों के संदर्भित प्रकरणों में यथोचित कार्रवाई करते हुए जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के द्वारा पुलिस विभाग से सम्बंधित जब भी किसी प्रकरण को उनके संज्ञान में लाया जाये, तो पुलिस विभाग के सम्बंधित अधिकारी उस पर गम्भीरता से विचार करते हुए नियमानुसार शीघ्रता से कार्रवाई करें।
प्रभारी मंत्री ने जमीनों पर बलपूर्वक कब्जा करने वाले गैंगो को चिन्हित करने एवं उन पर गुण्डा एक्ट के तहत कार्यवाही करने एवं अवैध कब्जे पर रोक लगाने हेतु प्रभावी कार्यवाही करने के लिए कहा। उन्होंने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हटाने हेतु चलाये गये अभियान की जानकारी लेते हुए सभी सरकारी भूमियों से अवैध कब्जों को हटाने तथा चिन्हित भू-माफियाओं के अतिरिक्त और भूमाफियाओं के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने सभी तहसीलों एवं थानों में जनसुनवाई के दौरान आने वाली जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किए जाने तथा तहसीलो में फाइलों के निस्तारण में अनावश्यक रूप से विलम्ब न किए जाने तथा थानों एवं तहसीलों में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा करते हुए पोर्टल पर जनपद की रैकिंग अच्छी होने पर प्रसन्ता व्यक्त की और सभी विभागों को आईजीआरएस रैकिंग सहित अन्य रैकिंगों में भी सुधार किए जाने के निर्देश दिए। मंत्री ने जिलाधिकारी से जनपद में पूर्ण हुए कार्यों एवं पूर्ण होने वाले कार्यों की सूची बनाकर लोकार्पण अथवा शिलान्यास कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा।
बैठक में महापौर गणेश केसरवानी, विधायक दीपक पटेल, हर्षवर्धन वाजपेयी, राजमणि कोल, पीयूष रंजन निषाद, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विषयों पर अपने-अपने सुझाव दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त डॉ0 अजय पाल शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव अजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त दीपेन्द्र यादव सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र
