
देवरिया, 21 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया की तहसील सलेमपुर में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 93 शिकायतें प्राप्त हुईं। उनमें से 28 मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।

प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 30, पुलिस विभाग के सात, विकास विभाग के 23 तथा अन्य विभागों के कुल 13 मामले तथा चार अंत्योदय कार्ड, आठ आवासीय पट्टे, पांच खतौनी सुधार तथा तीन दिव्यांग प्रमाण पत्र शामिल रहे। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।

समाधान दिवस के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, देवरिया द्वारा मुख्यमंत्री के सीधे प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को धनराशि के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने रावतपार अमेठिया, लार निवासी गरीब दंपति बबलू प्रसाद एवं गुड्डन देवी को रेडक्रॉस सोसाइटी एवं तहसील प्रशासन के सहयोग से बर्तन, कंबल, गेहूं, चावल, दाल, सोलर लाइट सहित अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराई।
उल्लेखनीय है कि इस दंपति के पुत्र विनय की 02 फरवरी को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। जिलाधिकारी ने कहा कि परिवार को अन्य शासकीय योजनाओं से भी आच्छादित किया जाएगा।
तहसील दिवस के तहत बूथ संख्या 129 के बीएलओ कमलेश कुमार रजक, बूथ संख्या 195 के बीएलओ मुहम्मदुद्दीन तथा बूथ संख्या 03 के बीएलओ महफूज आलम को 100 प्रतिशत मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रीपेंसी एवं फोटो डिस्क्रीपेंसी का कार्य पूर्ण करने पर शॉल, माला एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर 15 क्षयरोग (टीबी) पीड़ित व्यक्तियों को तहसील द्वारा गोद लिया गया तथा उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई। जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए। एक आवेदक की शिकायत पर समय से रिपोर्ट प्रस्तुत न करने के मामले में एक लेखपाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक
