जबलपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के दमोहनाका क्षेत्र में शनिवार देर रात गोहलपुर थाना क्षेत्र में ककड़ी-खीरा का ठेला लगाने वाले एक युवक पर तीन अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, अजय गुप्ता, निवासी ग्राम कठार थाना रामपुर, जिला सीधी, वर्तमान में नर्मदानगर मालगुजार परिसर गोहलपुर में रहकर ठेला संचालित करता है। उसने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बीती रात ठेला लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह दमोहनाका स्थित व्ही मार्ट के पास पहुंचा, तीन अज्ञात युवक उसके पास आए और 10 रुपये का खीरा लिया। पैसे मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उससे शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करने लगे। पैसे देने से इंकार करने पर एक आरोपी ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले में अजय के गले और माथे पर गंभीर चोटें आईं।
हमले के बाद अजय किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा, लेकिन इस दौरान गिरने से उसके पैर में भी चोट लग गई। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गोहलपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 119(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक
