कूचबिहार, 07 मार्च (हि.स.)। शहर के जय सेतु पर हुए सड़क हादसे में होमगार्ड समेत दो की मौत हो गई है। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान हामिदुल हक और रवि सरकार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, हल्दीबाड़ी ब्लॉक के काशियाबाड़ी निवासी रवि सरकार चेंगड़ाबांधा में अपने ससुराल में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद शनिवार सुबह वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में चेंगड़ाबांधा पानिशाला निवासी हामिदुल हक से उनकी मुलाकात हुई। हामिदुल पेशे से होमगार्ड थे और हल्दीबाड़ी थाने में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। वह रवि की बाइक पर ही लिफ्ट लेकर निकल पड़े। जय सेतु के बीचोंबीच राहगीरों ने दोनों को खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा देखा। पास ही उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ी थी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत मेखलिगंज महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक अनुमान है कि तेज रफ्तार से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
