जयपुर, 19 मार्च (हि.स.)। राजधानी में शुक्रवार से भक्ति और आस्था का महासंगम शुरू होगा। मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में जयपुर परिवार सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में श्री शिव पुराण कथा का आयोजन दोपहर 1 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें ख्यातिप्राप्त कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा श्रद्धालुओं को शिव कथा का रसपान कराएंगे। यह आयोजन 26 मार्च तक चलेगा।

आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक अखिलेश अत्री और मनोज पांडे ने बताया कि इस भव्य आयोजन को लेकर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है और लाखों की संख्या में लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए प्रशासन के सहयोग से व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
कार्यक्रम स्थल पर करीब 4 लाख वर्गफीट में वाटरप्रूफ पांडाल तैयार किया गया है, जिसमें 26 डोम बनाए गए हैं। प्रत्येक डोम में 2 से 4 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त डेढ़ लाख वर्गफीट क्षेत्र में अलग से पांडाल बनाया गया है। श्रद्धालु परिवार सहित, महिला-पुरुष अलग-अलग या सामूहिक रूप से बैठकर कथा श्रवण कर सकेंगे। आमजन के लिए तीन प्रवेश द्वार रखे गए हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर आयोजन स्थल पर 20 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जहां पासधारियों को चार स्तर की सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। करीब 200 सुरक्षाकर्मी और 1000 स्वयंसेवक व्यवस्था संभालेंगे। इसके अलावा पूरे परिसर में 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 21 स्वागत द्वार बनाए गए हैं।
श्रद्धालुओं के लिए 60 हजार वर्गफीट क्षेत्र में ‘सीता रसोई’ के तहत प्रसादी की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही चार मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। आयोजन स्थल पर 300 स्थायी और मोबाइल शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजन स्थल पर 16 मार्च से 40 हजार वर्गफीट क्षेत्र में श्री महामृत्युंजय महायज्ञ भी चल रहा है, जिसमें 21 वेदियों पर प्रतिदिन श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
