नैनीताल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में अतिथि व्याख्याता निदेशालय और रसायन विज्ञान विभाग के तत्वावधान में विशेष व्याख्यान में जर्मन वैज्ञानिक प्रो. क्रिस्टोफर अरेंज ने ‘स्पिंगोलिपिड मेटाबोलिज्म फॉर ड्रग डिस्कवरी’ विषय पर शोधपरक व्याख्यान दिया।

उन्होंने औषधि खोज में चयापचय की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उभरती संभावनाओं की जानकारी दी। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से आई प्रो. शैलजा सिंह ने मलेरिया की रोकथाम और परजीवी अवरोधन से संबंधित अपने शोध कार्य साझा किए और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विज्ञान विभाग की संकायाध्यक्ष प्रो. चित्रा पांडे ने की तथा संचालन प्रो. सहराज अली ने किया। निदेशक प्रो. ललित तिवारी ने स्वागत संबोधन दिया। रसायन विभागाध्यक्ष प्रो. नंद गोपाल साहू ने प्रो. क्रिस्टोफर अरेंज की शोध उपलब्धियों का परिचय देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से शोधार्थियों को नई दिशा मिलेगी।
दोनों वक्ताओं को शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। व्याख्यान में प्रो. गीता तिवारी, डॉ. सुहेल जावेद, प्रो. महेश आर्या, डॉ. मनोज धूनी, डॉ. पैनी जोशी, डॉ. ललित मोहन, डॉ. गिरीश खर्कवाल, डॉ. आंचल अनेजा, डॉ. भावना पंत सहित शोधार्थी, एमएससी विद्यार्थी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में डॉ. दीपशिखा जोशी ने स्मृति चिह्न भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
