कोलकाता, 09 अप्रैल (हि. स.)। जलपाईगुड़ी सदर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अनंत देव अधिकारी ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शिकायत दर्ज कराई।

अनंत देव अधिकारी ने अपने अधिवक्ताओं के साथ जलपाईगुड़ी के कोतवाली थाना में शिकायत दी। उनका आरोप है कि अभिषेक बनर्जी की टिप्पणी से उनकी छवि खराब हुई है और मतदाताओं को गुमराह करने का प्रयास किया गया है।
यह मामला मंगलवार का बताया जा रहा है, जब अभिषेक बनर्जी जलपाईगुड़ी जिले में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कृष्ण दास के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। सभा के दौरान उन्होंने भाजपा उम्मीदवार पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि वह दिनभर ठीक स्थिति में नहीं रहते, आधा समय नशे की हालत में रहते हैं, मदिरा के आदी हैं तथा महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करते हैं।
इस टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने मंगलवार रात जलपाईगुड़ी शहर में विरोध जुलूस निकाला। अनंत देव अधिकारी ने चेतावनी दी थी कि यदि अभिषेक बनर्जी माफी नहीं मांगते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद यह शिकायत दर्ज कराई गई।
अनंत देव अधिकारी ने कहा कि उन्होंने 2002 में जलपाईगुड़ी विधि महाविद्यालय से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की और 2003 में जलपाईगुड़ी बार संघ से जुड़े। उन्होंने कहा कि वह राजबंशी समुदाय के सदस्य हैं और लंबे समय से विधि व्यवसाय से जुड़े हैं। उनका आरोप है कि तृणमूल उम्मीदवार के समर्थन में अभिषेक बनर्जी ने जानबूझकर उनके खिलाफ व्यक्तिगत हमला किया ताकि मतदाता उनके खिलाफ प्रभावित हों तथा समाज में वैमनस्य की भावना पैदा हो।
उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे हैं और इससे उनकी मानहानि हुई है, इसलिए उन्होंने कानूनी शिकायत दर्ज कराई है।
भाजपा की विधि प्रकोष्ठ के सदस्य सौजीत सिंह ने दावा किया कि अभिषेक बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के दौरान लागू आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है और इस मामले की जानकारी भारत निर्वाचन आयोग को भी दे दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
