समस्तीपुर ,29 जनवरी (हि.स.)। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अधीनस्थ कृषि विज्ञान केन्द्र, बिरौली द्वारा पूसा प्रखंड के दीघरा में जलवायु अनुकूल खेती परियोजना के अंतर्गत रबी फसलों में समसामयिक कृषि कार्य विषयक प्रशिक्षण गुरुवार को आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में केवीके बिरौली के हेड डॉ. आर.के. तिवारी ने बदलते मौसम की चुनौतियों से निपटने हेतु किसानों को जलवायु अनुकूल कृषि अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, उद्यान विशेषज्ञ डॉ. धीरु कुमार तिवारी ने सब्जियों में समेकित पोषक तत्व प्रबंधन और विशेषज्ञ सुमित कुमार सिंह ने फसलों व सब्जियों में समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन पर तकनीकी जानकारी साझा की। शुभम भगत और सत्येन्द्र कुमार सहित 50 से अधिक किसानों की सक्रिय भागीदारी के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में आधुनिक कृषि पद्धतियों के माध्यम से पैदावार बढ़ाने पर बल दिया गया। वैज्ञानिकों एवं किसानों के द्वारा जलवायु अनुकूल खेती कर रहे किसानों के प्रक्षेत्र पर भ्रमण करके शून्य जुताई विधि से लगे गेहूं की फसल का अवलोकन भी किया गया।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / त्रिलोकनाथ उपाध्याय
