जौनपुर,06 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की सांसद प्रिया सरोज के प्रयासों से लखनऊ–वाराणसी सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस (20401/20402) का ठहराव अब जलालगंज रेलवे स्टेशन पर शुरू हो गया है। शुक्रवार को ट्रेन अपने निर्धारित समय पर जलालगंज स्टेशन पहुंची, जहां पहले से मौजूद सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासियों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ ट्रेन का जोरदार स्वागत किया।इस अवसर पर रेलवे के अधिकारियों की मौजूदगी में सांसद प्रिया सरोज ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया। ट्रेन के ठहराव की शुरुआत से क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला और लोगों ने इसे लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति बताया।सांसद प्रिया सरोज ने बताया कि जलालगंज स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से क्षेत्र की जनता कर रही थी। इस मुद्दे को उन्होंने लोकसभा के प्रश्नकाल में भी उठाया था और रेल मंत्री को पत्र लिखकर जलालगंज स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता से अवगत कराया था।उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र के जलालगंज और आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों यात्रियों को लखनऊ और वाराणसी जाने के लिए अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे यात्रियों को समय और धन दोनों की अतिरिक्त खपत करनी पड़ती थी।उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से लखनऊ–वाराणसी सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस के जलालगंज स्टेशन पर ठहराव की पुष्टि की गई थी।सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि इस सुविधा से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को अब अन्य स्टेशनों तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। स्थानीय नागरिकों ने सांसद के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
