डिब्रूगढ़ (असम), 09 फरवरी (हि.स.)। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराए जाने संबंधी मीडिया के सवाल पर डॉ. सरमा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने सोमवार को आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ओवैसी जिस वीडियो की बात कर रहे हैं, उसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। अपने खिलाफ केस दर्ज होने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. सरमा ने कहा कि वह किसी भी कानूनी नतीजे का सामना करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा, अगर उन्होंने (ओवैसी) मेरे खिलाफ केस किया है, तो मुझे गिरफ्तार कर लो। मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं जेल जाने को तैयार हूं। मुझे किसी वीडियो के बारे में कुछ नहीं पता।
हालांकि सरमा ने अपने मजबूत राजनीतिक रुख को दोहराते हुए कहा कि वह अवैध अप्रवासन के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा, मैं अपनी बात पर कायम हूं। मैं बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ हूं और उनके खिलाफ रहूंगा।
उल्लेखनीय है कि एआईएमआईएम प्रमुख और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो सर्कुलेट करने का आरोप लगाया, जिसमें उनके मुताबिक असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा मुसलमानों को निशाना बनाते दिख रहे हैं। असम प्रदेश भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल द्वारा शेयर किए गए वीडियो की निंदा करते हुए ओवैसी ने इसे बेहद आपत्तिजनक बताया और मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की घोषणा की।
इस मुद्दे पर बात करते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि यह वीडियो मुसलमानों और उनके धर्म के खिलाफ नफरत फैलाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी सामग्री का लोकतांत्रिक समाज में कोई स्थान नहीं। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगी और वीडियो सर्कुलेट करने के मामले में असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग करेगी। विवाद के बावजूद, वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आता रहा, हालांकि बाद में इसे हटा दिया गया था।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
