जांजगीर-चांपा, 12 अप्रैल (हि. स.)। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने बीती रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त और विशेष धरपकड़ अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की। इस अभियान के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कुल 90 वारंटियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में जिले के सभी थानों की टीमों ने भाग लिया। अलग-अलग टीमों का गठन कर रातभर सघन चेकिंग और दबिश दी गई।
अभियान के तहत थाना जांजगीर, नैला चौकी, बलौदा, अकलतरा, मुलमुला, पामगढ़, शिवरीनारायण, बम्हनीडीह, सारागांव, चांपा और पंतोरा चौकी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुल 29 गिरफ्तारी वारंटी और 61 स्थायी वारंटियों को तामील कराया गया। इनमें डकैती जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को भी बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया, जिन्हें बिलासपुर न्यायालय में आज पेश किया गया।
इसके अलावा लूट, चोरी तथा महिला एवं बच्चों से संबंधित मामलों में फरार आरोपिताें को भी पुलिस ने पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 91 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब और देशी प्लेन शराब जब्त कर दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
रहौद पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी एएसआई रामप्रसाद बघेल के नेतृत्व में एक आरोपित के कब्जे से 85 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जबकि बिर्रा पुलिस ने निरीक्षक जयकुमार साहू के नेतृत्व में एक अन्य आरोपित से 35 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की।
वहीं, शांति व्यवस्था भंग करने वाले पांच असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी थाना जांजगीर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
रातभर चले इस अभियान में पुलिस की सक्रियता और समन्वय देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक द्वारा अभियान में शामिल टीमों को प्रोत्साहित करने के लिए इनाम देने की भी घोषणा की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
—————
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT
